सरायकेला: जिले में पेयजल, पाइपलाइन कनेक्शन और सड़क मरम्मत समेत विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर शुक्रवार को जन कल्याण मोर्चा के अध्यक्ष ओम प्रकाश ने उपायुक्त नितीश कुमार सिंह से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा और आवश्यक कार्रवाई की मांग की.

आदित्यपुर अधिवक्ता संघ के मुख्य संरक्षक एवं जनकल्याण मोर्चा आदित्यपुर के अध्यक्ष ओम प्रकाश ने उपायुक्त को बताया कि सीतारामपुर जलाशय से 30 एमएलडी वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट से जुड़े लगभग 20 से 22 हजार उपभोक्ताओं में से अब तक केवल 4 से 5 हजार लोगों को ही नए जलापूर्ति पाइपलाइन से कनेक्शन दिया गया है. जबकि अभी भी करीब 15 से 17 हजार घरेलू उपभोक्ता कनेक्शन से वंचित हैं.
उन्होंने कहा कि निकट भविष्य में 30 एमएलडी सीतारामपुर वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट से जलापूर्ति शुरू होने वाली है, लेकिन उससे पहले ही 9 अप्रैल 2026 से जिंदल प्रबंधन द्वारा पाइपलाइन लीकेज जांच की औपचारिकता पूरी की जा रही है. उन्होंने सवाल उठाया कि जब हजारों उपभोक्ताओं को पाइपलाइन से जोड़ा ही नहीं गया है तो लीकेज जांच का क्या औचित्य है. उन्होंने सभी होल्डिंग टैक्स भुगतान करने वाले उपभोक्ताओं को पहले पाइपलाइन कनेक्शन देने और जिंदल प्रबंधन पर कार्रवाई की मांग की.
मामले को गंभीरता से लेते हुए उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह ने तत्काल आदित्यपुर नगर निगम के अपर नगर आयुक्त से बातचीत कर आवश्यक कार्रवाई का निर्देश दिया.
ज्ञापन में यह भी बताया गया कि आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र में पेयजल, सीवेज और गैस पाइपलाइन कार्य के दौरान कई जगह सड़क खोदकर छोड़ दी गई है. बरसात नजदीक होने के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है. इस पर नगर निगम को बारिश शुरू होने से पहले सभी गड्ढों की बेहतर मरम्मत कराने का आग्रह किया गया.
इसके अलावा सापड़ा स्थित 60 एमएलडी वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट के निर्माण कार्य में तेजी लाने और अगस्त 2026 तक कार्य पूरा कर आदित्यपुर-1 क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग भी उठाई गई.
ओम प्रकाश ने बताया कि ज्ञापन की प्रतिलिपि प्रधान सचिव नगर विकास विभाग, महापौर आदित्यपुर नगर निगम तथा अपर नगर आयुक्त को भी उपलब्ध करा दी गई है.



