जामताड़ा: नए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) के रूप में वसीम राजा ने गुरुवार को पदभार ग्रहण किया. उन्होंने स्थानांतरित एसडीपीओ विकास आनंद लांगोरी से विधिवत प्रभार लिया. वसीम राजा जामताड़ा के 27वें एसडीपीओ के रूप में अपनी जिम्मेदारी संभाल रहे हैं.

पदभार ग्रहण के दौरान पुलिस विभाग के अधिकारियों और कर्मियों ने उनका स्वागत किया तथा बेहतर पुलिसिंग की उम्मीद जताई. अपने पहले संबोधन में नवपदस्थापित एसडीपीओ वसीम राजा ने कहा कि यह उनकी पहली पोस्टिंग है और वे पूरी निष्ठा व जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करेंगे.
उन्होंने कहा कि पुलिस अधीक्षक के दिशा- निर्देश में क्षेत्र की विधि व्यवस्था को और मजबूत बनाना तथा साइबर अपराध पर प्रभावी नियंत्रण उनकी प्राथमिकता होगी. उन्होंने कहा कि आम लोगों की सुरक्षा और विश्वास बनाए रखना पुलिस की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है.
एसडीपीओ ने कहा कि जामताड़ा देशभर में साइबर अपराध के मामलों को लेकर चर्चित रहा है. ऐसे में साइबर अपराधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जाएगा और तकनीकी संसाधनों के माध्यम से अपराध पर अंकुश लगाने का प्रयास किया जाएगा. उन्होंने आम नागरिकों से साइबर ठगी के प्रति सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की.
उन्होंने कहा कि थाना स्तर पर पुलिसिंग को अधिक सक्रिय बनाया जाएगा और लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाएगा. क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने, अपराध नियंत्रण और पुलिस- जन सहयोग को मजबूत करने की दिशा में विशेष पहल की जाएगी.
इस अवसर पर मनोज कुमार महतो, प्रदीप राणा, मुराद हसन सहित पुलिस विभाग के कई अधिकारी और कर्मी मौजूद थे. नए एसडीपीओ के आगमन से पुलिस महकमे में उत्साह का माहौल देखा गया.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल



