चाईबासा: दक्षिण पूर्व रेलवे के चक्रधरपुर रेल मंडल में मानवता को झकझोर देने वाली एक दर्दनाक घटना सामने आई है. जहां हावड़ा- बड़बिल जनशताब्दी एक्सप्रेस में सफर के दौरान एक महिला पर अपने डेढ़ माह के मासूम बच्चे को चलती ट्रेन से बाहर फेंकने का आरोप लगा है. घटना राजखरसावां और महालीमरूप स्टेशन के बीच की बताई जा रही है, जहां रेल ट्रैक के किनारे नवजात का शव मिलने से सनसनी फैल गई.

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रेन में सफर कर रही महिला अचानक विचलित हो गई और गोद में मौजूद बच्चे को खिड़की से बाहर फेंक दिया. घटना के बाद डिब्बे में अफरा- तफरी मच गई. यात्रियों ने बताया कि महिला इसके बाद अपने करीब तीन वर्षीय दूसरे बच्चे को भी बाहर फेंकने की कोशिश करने लगी, लेकिन सतर्क यात्रियों ने तुरंत हस्तक्षेप कर बच्चे की जान बचा ली.
घटना के बाद यात्रियों ने महिला और उसके पति को पकड़ लिया और अगले स्टेशन पर रेलवे सुरक्षा बल के हवाले कर दिया. फिलहाल रेलवे सुरक्षा बल और सरकारी रेलवे पुलिस मामले की जांच में जुटी हैं.
जानकारी के अनुसार महिला की पहचान मुद्रावती गोप के रूप में हुई है, जो पश्चिमी सिंहभूम जिले के मझगांव की रहने वाली बताई जा रही है. वहीं उसके पति ने अपना नाम शाहबुद्दीन बताया है, जो पश्चिम बंगाल का निवासी है. बताया जा रहा है कि करीब चार वर्ष पहले दोनों घर से भागकर साथ रहने लगे थे.
फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि महिला ने इस खौफनाक घटना को क्यों अंजाम दिया. घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है.



