जामताड़ा: गुरुवार शाम अचानक आए आंधी-तूफान ने शहर का जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया. तेज हवाओं और बारिश के बीच व्यवहार न्यायालय और मत्स्य विभाग के बीच मुख्य सड़क पर एक विशाल पेड़ गिर जाने से घंटों तक आवागमन बाधित रहा.

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शाम होते-होते मौसम ने अचानक करवट ली और तेज धूल भरी आंधी चलने लगी. इसी दौरान नारायणपुर रोड पर व्यवहार न्यायालय के पास एक बड़ा पेड़ जड़ से उखड़कर सड़क पर गिर पड़ा, जिससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई.
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और नगर पंचायत की टीम मौके पर पहुंची. काफी मशक्कत के बाद पेड़ को काटकर हटाया गया, जबकि पुलिस ने यातायात को वैकल्पिक मार्गों से संचालित कराया.
आंधी-तूफान के कारण कई इलाकों में बिजली आपूर्ति भी प्रभावित हुई. तेज हवा से बिजली के तार और छोटे पेड़ क्षतिग्रस्त हो गए. हालांकि राहत की बात यह रही कि घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है. प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और अनावश्यक रूप से बाहर नहीं निकलने की अपील की है.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल



