चांडिल: सरायकेला- खरसावां जिले के नीमडीह प्रखंड अंतर्गत चालियामा गांव की इंटर कला संकाय की जिला टॉपर अनामिका गोराई को गुरुवार को “जन सेवा ही लक्ष्य” के संस्थापक एवं आजसू पार्टी के केंद्रीय महासचिव हरे लाल महतो ने सम्मानित किया. इस दौरान उन्होंने अनामिका को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया और आगे की पढ़ाई के लिए आर्थिक सहायता भी प्रदान की.

अनामिका गोराई ने इंटर आर्ट्स परीक्षा में 500 में से 437 अंक प्राप्त कर जिला टॉपर बनने का गौरव हासिल किया है. वह शिवानंद विद्यापीठ प्लस टू उच्च विद्यालय, चालियामा की छात्रा है. उसके पिता अनिरुद्ध गोराई ग्रामीण चिकित्सक हैं, जबकि माता अंजू गोराई गृहिणी हैं.

चालियामा गांव पहुंचे हरे लाल महतो ने कहा कि पिछड़े ग्रामीण क्षेत्र की बेटियां आज हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का परचम लहरा रही हैं. उन्होंने कहा कि अनामिका की सफलता पूरे क्षेत्र के लिए प्रेरणास्रोत है और आर्थिक अभाव किसी भी प्रतिभा की राह में बाधा नहीं बनना चाहिए.
उन्होंने अनामिका को भविष्य में हरसंभव सहयोग देने का आश्वासन दिया. वहीं अनामिका ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता और शिक्षकों को देते हुए कहा कि वह आगे चलकर सिविल सेवा में जाकर देश सेवा करना चाहती है. मौके पर आजसू पार्टी के अजय सिंह, बुलेट नाग, राजकिशोर महतो, पशुपति महतो, हरि पद सिंह, लक्ष्मीकांत महतो और सनत महतो समेत कई लोग मौजूद थे.
रिपोर्ट: अफ़रोज़ मल्लिक



