आदित्यपुर: औद्योगिक क्षेत्र में पिछले एक पखवाड़े से समायोजन और फाइनल सेटलमेंट की मांग को लेकर चल रहे जेएमटी मजदूरों के आंदोलन ने अब प्रशासनिक स्तर पर भी हलचल बढ़ा दी है. आंदोलन और लगातार बढ़ते दबाव के बीच अब प्रशासन एक्शन मोड में नजर आने लगा है.

राज्य के उद्योग मंत्री संजय प्रसाद यादव के निर्देश पर गुरुवार को श्रम अधीक्षक अविनाश ठाकुर आंदोलन स्थल पर पहुंचे. उनके साथ आदित्यपुर नगर परिषद के पूर्व उपाध्यक्ष और राजद नेता पुरेन्द्र नारायण सिंह भी मौजूद रहे.
बताया जा रहा है कि श्रम अधीक्षक आंदोलनरत मजदूरों और आरकेएलएफ कंपनी प्रबंधन के बीच वार्ता कर समाधान निकालने की कोशिश करेंगे. लंबे समय से आंदोलन कर रहे मजदूर समायोजन, बकाया भुगतान और फाइनल सेटलमेंट की मांग पर अड़े हुए हैं.

मजदूरों का आरोप है कि कंपनी प्रबंधन उनकी मांगों को गंभीरता से नहीं ले रहा है, जिसके कारण उन्हें आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ा. वहीं आंदोलन के कारण औद्योगिक क्षेत्र में भी चर्चा तेज हो गई है और श्रमिकों में असंतोष लगातार बढ़ता जा रहा है.
प्रशासन की पहल के बाद अब उम्मीद जताई जा रही है कि बातचीत के जरिए बीच का रास्ता निकल सकता है और लंबे समय से जारी गतिरोध खत्म हो सकता है. हालांकि आंदोलनरत मजदूरों का कहना है कि जब तक उनकी मांगों पर ठोस निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा.



