जामताड़ा: प्रखंड के दक्षिणबहाल पंचायत अंतर्गत नावाडीह गांव के ग्रामीणों ने जनगणना 2026 के मैपिंग कार्य में कथित गड़बड़ी को लेकर गुरुवार को प्रखंड मुख्यालय पहुंचकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया. प्रदर्शन में गांव के सौ से अधिक ग्रामीण शामिल हुए और प्रशासन से जल्द सुधार की मांग की.

प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों में मनोज मंडल, बापी दास, एजाज खान, समीम खान, मोबीन खान, संजय दास, मनोज दास और शमशेर खान समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे. ग्रामीणों का आरोप है कि गांव के मैपिंग कार्य में गंभीर त्रुटि की गई है, जिससे भविष्य में प्रशासनिक और सरकारी योजनाओं से जुड़ी परेशानियां उत्पन्न हो सकती हैं.
ग्रामीणों ने बताया कि नावाडीह गांव का मैपिंग संख्या 0009 से बदलकर 0226 कर दिया गया है, जो करमाटांड़ प्रखंड के अंतर्गत आता है. इसके कारण गांव के लगभग 70 प्रतिशत लोगों का रिकॉर्ड करमाटांड़ प्रखंड की मोहनपुर पंचायत में दिखाया जा रहा है.
ग्रामीणों का कहना है कि बीएलओ और संबंधित कर्मियों द्वारा जानबूझकर गलत मैपिंग की गई है. उन्होंने मांग की कि वर्तमान कर्मियों को हटाकर किसी अन्य बीएलओ या कर्मचारी की प्रतिनियुक्ति की जाए, ताकि निष्पक्ष और सही तरीके से मैपिंग कार्य पूरा कराया जा सके.
मामले को लेकर जिला सांख्यिकी पदाधिकारी सुजीत कुमार ने कहा कि मैपिंग का कार्य प्रशिक्षित टेक्नीशियन के माध्यम से कराया जा रहा है. यदि किसी प्रकार की त्रुटि हुई है तो उसमें सुधार संभव है. उन्होंने बताया कि इससे पहले भी गैप और ओवरलैपिंग जैसी समस्याएं सामने आई थीं, जिन्हें विभाग द्वारा ठीक किया गया है.
उन्होंने कहा कि नावाडीह गांव का मामला अलग प्रकृति का है और यह उनके संज्ञान में आया पहला ऐसा मामला है. विभाग मामले की जांच कर रहा है और आवश्यक सुधार जल्द किया जाएगा. प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की कि जनगणना जैसे महत्वपूर्ण कार्य में पारदर्शिता और सटीकता सुनिश्चित की जाए, ताकि भविष्य में ग्रामीणों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल



