आदित्यपुर: सरायकेला जिले में अवैध स्क्रैप कारोबार के खिलाफ प्रशासन ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई की है. गुप्त सूचना के आधार पर एसडीओ अभिनव प्रकाश ने आदित्यपुर थाना से सटे दिंदली बाजार और टाटा-कांड्रा सर्विस रोड में संचालित अवैध स्क्रैप टालों पर छापेमारी की.

बताया जा रहा है कि दिंदली बाजार में फारुख नामक व्यक्ति द्वारा, जबकि टाटा-कांड्रा सर्विस रोड क्षेत्र में राजन नामक व्यक्ति द्वारा लंबे समय से अवैध रूप से स्क्रैप टाल संचालित किया जा रहा था. प्रशासन को इसकी लगातार शिकायत मिल रही थी.
सूचना मिलते ही एसडीओ अभिनव प्रकाश ने बेहद गोपनीय तरीके से कार्रवाई की योजना बनाई और छापेमारी अभियान चलाया. कार्रवाई के दौरान दोनों स्थानों से प्रतिबंधित स्क्रैप सामग्री जब्त की गई है. साथ ही संबंधित संचालकों से स्क्रैप से जुड़े आवश्यक दस्तावेज तलब किए गए हैं.
प्रशासन अब जब्त स्क्रैप की जांच कर यह पता लगाने में जुटा है कि सामग्री कहां से लाई गई थी और कारोबार वैध अनुमति के तहत चल रहा था या नहीं. अधिकारियों के अनुसार दस्तावेजों की जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
एसडीओ की इस कार्रवाई के बाद अवैध स्क्रैप कारोबारियों में हड़कंप मच गया है. प्रशासन ने स्पष्ट संकेत दिए हैं कि जिले में अवैध कारोबार के खिलाफ आगे भी लगातार अभियान चलाया जाएगा.



