सरायकेला: जिले के राजनगर प्रखंड कार्यालय सभागार में बुधवार को रक्त केंद्र सदर अस्पताल सरायकेला-खरसावां के तत्वावधान में भव्य रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया. शिविर में प्रखंड एवं अंचल कार्यालय के पदाधिकारियों, कर्मचारियों और स्थानीय समाजसेवियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते हुए मानवता की मिसाल पेश की. शिविर के दौरान कुल 25 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया.

कार्यक्रम का शुभारंभ प्रखंड विकास पदाधिकारी मलय कुमार ने स्वयं रक्तदान कर किया. उनके इस प्रेरणादायक कदम के बाद प्रखंड और अंचल कार्यालय के अन्य अधिकारी, कर्मचारी तथा समाजसेवी भी रक्तदान के लिए आगे आए. पूरे शिविर के दौरान सेवा, समर्पण और सामाजिक जिम्मेदारी का भाव देखने को मिला.

इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने कहा कि रक्तदान सबसे बड़ा महादान है, क्योंकि एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद व्यक्ति की जान बचा सकता है. शिविर के माध्यम से लोगों को रक्तदान के प्रति जागरूक करने का भी प्रयास किया गया.
रक्त केंद्र की टीम ने सभी रक्तदाताओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन समाज में सकारात्मक संदेश देने के साथ- साथ जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं. शिविर को सफल बनाने में प्रखंड प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग की टीम और स्थानीय समाजसेवियों की अहम भूमिका रही. कार्यक्रम के अंत में सभी रक्तदाताओं को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया.
रिपोर्ट: रासबिहारी मंडल



