जमशेदपुर: खरकाई नदी में बड़ौदा घाट इलाके में बुधवार सुबह नवजात बच्चे का क्षत-विक्षत शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई, लेकिन इंसानियत को झकझोर देने वाली इस घटना के बीच पुलिस थाना क्षेत्र तय करने में उलझी रही. घाट के पास शव मिलने की सूचना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखा गया.

सुबह टहलने निकले लोगों की नजर घाट किनारे पड़े नवजात के शव पर पड़ी. देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और पुलिस को सूचना दी गई. सूचना मिलने के बाद बागबेड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की.
हालांकि शुरुआती जांच के दौरान पुलिस अधिकारियों ने बताया कि घटनास्थल उनके थाना क्षेत्र में नहीं आता है. इसके बाद मामला आरआईटी थाना क्षेत्र से जुड़ा होने की बात सामने आई और सूचना वहां की पुलिस को दी गई. थाना सीमा को लेकर हुई इस स्थिति की इलाके में खूब चर्चा होती रही.
स्थानीय लोगों का कहना था कि इतनी संवेदनशील घटना में थाना क्षेत्र तय करने के बजाय पहले मामले की गंभीरता पर ध्यान दिया जाना चाहिए था. लोगों ने नवजात का शव मिलने की घटना को बेहद दुखद बताते हुए दोषियों की जल्द पहचान और कार्रवाई की मांग की.
फिलहाल आरआईटी थाना पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है. पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि नवजात का शव वहां कैसे पहुंचा. घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और चर्चा का माहौल बना हुआ है.



