चाईबासा: जिले के पोड़ाहाट वन क्षेत्र में मंगलवार को सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच भीषण मुठभेड़ हुई. सोनुआ थाना क्षेत्र के केड़ाबीर इलाके के घने जंगलों में हुई इस गोलीबारी के बाद पूरे इलाके में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है. चाईबासा के पुलिस अधीक्षक अमित रेणु ने मुठभेड़ की पुष्टि की है.

जानकारी के अनुसार पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि पोड़ाहाट जंगल में प्रतिबंधित नक्सली संगठन के कई शीर्ष नेता और उनके दस्ते सक्रिय हैं. सूचना के आधार पर चाईबासा पुलिस, कोबरा 209 और झारखंड जगुआर के जवानों ने संयुक्त रूप से एंटी नक्सल ऑपरेशन शुरू किया.
बताया जा रहा है कि सुरक्षाबल जैसे ही केड़ाबीर जंगल के अंदर पहुंचे, पहले से घात लगाए नक्सलियों ने अचानक फायरिंग शुरू कर दी. इसके बाद जवानों ने भी मोर्चा संभालते हुए जवाबी कार्रवाई की. दोनों ओर से कई राउंड गोलियां चलीं. हालांकि अब तक किसी के हताहत होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.
मुठभेड़ के बाद सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी है. केड़ाबीर और आसपास के जंगलों में बड़े पैमाने पर सर्च अभियान चलाया जा रहा है. जवान जंगल के चप्पे-चप्पे की तलाशी ले रहे हैं ताकि भागे हुए नक्सलियों का पता लगाया जा सके.
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अभियान अभी जारी है और इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है. पोड़ाहाट का जंगल लंबे समय से नक्सल गतिविधियों के कारण संवेदनशील माना जाता रहा है.
रिपोर्ट- जयंत प्रमाणिक



