जामताड़ा: जिले में दवा व्यवसायियों ने आगामी 20 मई को एक दिवसीय हड़ताल का ऐलान किया है. राष्ट्रीय स्तर पर दवा व्यवसायियों के संगठन के आह्वान पर जिले की सभी दवा दुकानें बंद रहेंगी. इस संबंध में मिहिजाम में आयोजित प्रेस वार्ता में जामताड़ा जिला केमिस्ट्स एंड ड्रगिस्ट्स एसोसिएशन ने जानकारी दी.

प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष उमेश झा ने कहा कि यह आंदोलन केवल व्यापारिक हितों का नहीं, बल्कि दवा व्यवस्था में पारदर्शिता और मरीजों की सुरक्षा से भी जुड़ा हुआ है. उन्होंने बताया कि ऑनलाइन दवा बिक्री पर नियंत्रण, बड़े कॉर्पोरेट संस्थानों द्वारा दिए जा रहे अत्यधिक डिस्काउंट पर रोक और नकली दवाओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर यह हड़ताल की जा रही है.
उन्होंने कहा कि दवा सामान्य उपभोक्ता वस्तु नहीं, बल्कि लोगों के स्वास्थ्य से जुड़ा गंभीर विषय है. इसलिए इसकी बिक्री और वितरण व्यवस्था में निगरानी और जवाबदेही जरूरी है.
प्रेस वार्ता में मुकेश कुमार यादव, काजिम कमाल, पप्पू कुमार दास और मुनेश्वर साव भी मौजूद रहे. सभी पदाधिकारियों ने जिले के दवा व्यवसायियों से हड़ताल को सफल बनाने की अपील की.
हालांकि, आपातकालीन सेवाओं को ध्यान में रखते हुए मिहिजाम में मेडिक्योर और जामताड़ा में जूली मेडिकल को इमरजेंसी सेवा के लिए खुला रखा जाएगा. हड़ताल की घोषणा के बाद मरीजों को आवश्यक दवाएं पहले से खरीद लेने की सलाह दी जा रही है.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल



