सरायकेला: नगर पंचायत द्वारा आम जनता को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए वार्ड संख्या-7 स्थित अटल क्लीनिक में 5 दिवसीय आयुष्मान कार्ड निर्माण शिविर का शुभारंभ किया गया. शिविर का उद्घाटन नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी ने किया. शिविर के पहले ही दिन करीब 50 लोगों का आयुष्मान कार्ड बनाकर उन्हें स्वास्थ्य सुरक्षा योजना से जोड़ा गया.

इस अवसर पर वार्ड पार्षद सविता पटनायक, अंजली राय, ज्योति साहू, रवि कुमार, चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. राजेश कुमार, हरि ओम विल, भूपति देवगम, एएनएम आरती महतो, जोंगा कुदादा और देविका सरकार सहित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के कई स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे.
नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी ने कहा कि आबुआ हेल्थ कार्ड एवं आयुष्मान कार्ड गरीब और जरूरतमंद परिवारों के लिए सुरक्षा कवच साबित हो रहा है. उन्होंने कहा कि गंभीर बीमारियों के इलाज में आर्थिक बोझ कम करने के साथ-साथ लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है. उन्होंने कहा कि नगर पंचायत लगातार प्रयास कर रही है कि कोई भी पात्र व्यक्ति इस योजना के लाभ से वंचित न रहे. स्वास्थ्य सबसे बड़ी पूंजी है और नगर पंचायत क्षेत्र के सभी योग्य नागरिकों को शिविर में पहुंचकर अपना आयुष्मान कार्ड अवश्य बनवाना चाहिए, ताकि जरूरत पड़ने पर वे सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं का पूरा लाभ उठा सकें.
शिविर के दौरान स्वास्थ्य कर्मियों एवं जनप्रतिनिधियों ने लोगों को आयुष्मान योजना के लाभ, पात्रता और उपयोगिता की विस्तृत जानकारी भी दी. नगर पंचायत की इस पहल को लेकर स्थानीय लोगों में उत्साह देखा गया और बड़ी संख्या में लोग शिविर में पहुंचे.
Report- Pramod Singh



