इसे अपने सभी मित्रों और परिवार के साथ साझा करें...
जामताड़ा: चितरंजन- जामताड़ा रेलखंड के बेवा बाईपास स्थित लेवल क्रॉसिंग गेट संख्या 8/एसपीएल/ई के समीप दूसरे अंडरपास का निर्माण कार्य सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया है. आसनसोल रेलवे मंडल के अंतर्गत बने इस सीमित ऊंचाई वाले सबवे का निर्माण निर्धारित समय में पूरा होने को रेलवे की बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है.
जानकारी के अनुसार उक्त स्थान पर कुल दो अंडरपास निर्माण का प्रस्ताव था. पहला अंडरपास 10 मई को तैयार किया गया था, जबकि दूसरा अंडरपास 17 मई को बनकर पूरी तरह तैयार हो गया. रेलवे प्रशासन ने तेज गति से कार्य करते हुए सुबह 7:30 बजे से दोपहर 2 बजे तक महज साढ़े छह घंटे में निर्माण कार्य पूरा कर लिया. रेलवे इंजीनियरिंग टीम की इस त्वरित कार्यशैली की सराहना की जा रही है.
WhatsApp Image 2026-08-14 at 18.00.15 (1)
WhatsApp Image 2026-08-14 at 18.00.15
निर्माण कार्य के दौरान वरिष्ठ मंडल अभियंता-2 आसनसोल जितेंद्र कुमार, मंडल अभियंता-1 आसनसोल अरसद नियाज, सहायक अभियंता मधुपुर दिनेश मीना, अनुभाग अभियंता मधुपुर शंकर साव तथा सेक्शन इंजीनियर जसीडीह मनीष कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौके पर मौजूद रहे. सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए आरपीएफ सब- इंस्पेक्टर रंजीत पांडे और स्थानीय थाना पुलिस की भी तैनाती की गई थी. रेलवे अधिकारियों के अनुसार अंडरपास से जुड़े अप्रोच रोड और ड्रेनेज निर्माण कार्य पूरा होने के बाद इसे आम लोगों के आवागमन के लिए खोल दिया जाएगा. इस अंडरपास के शुरू होने से रेल फाटक पर लगने वाले जाम की समस्या में राहत मिलेगी और स्थानीय लोगों को सुरक्षित एवं सुगम आवागमन की सुविधा प्राप्त होगी.