जामताड़ा: शहर के इंदिरा चौक पर शनिवार को झारखंड मुक्ति मोर्चा जिला कमेटी के नेतृत्व में झारखंड छात्र मोर्चा द्वारा NEET परीक्षा पेपर लीक और बढ़ती महंगाई के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया गया. प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पुतला दहन कर केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की.

प्रदर्शन में शामिल नेताओं और कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि NEET परीक्षा में पेपर लीक जैसी घटनाओं ने लाखों छात्रों के भविष्य को अंधकार में धकेल दिया है. उन्होंने कहा कि मेहनत करने वाले छात्र-छात्राओं का भरोसा परीक्षा प्रणाली से लगातार टूटता जा रहा है और केंद्र सरकार इस मामले में पूरी तरह विफल साबित हुई है. प्रदर्शनकारियों ने परीक्षा प्रणाली को पारदर्शी और सुरक्षित बनाने की मांग करते हुए पेपर लीक मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग उठाई. नेताओं ने कहा कि यदि समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए गए तो देशभर के छात्रों में आक्रोश और बढ़ेगा.
इस दौरान झामुमो जिला उपाध्यक्ष सह सांसद प्रतिनिधि अशोक मंडल ने पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस की लगातार बढ़ती कीमतों को लेकर भी केंद्र सरकार पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि महंगाई ने आम लोगों की कमर तोड़ दी है और गरीब तथा मध्यमवर्गीय परिवारों का जीवन कठिन होता जा रहा है.
वहीं जिला अध्यक्ष नरेंद्र मुर्मू और जिला सचिव परेश यादव ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो झामुमो सड़क से लेकर सदन तक आंदोलन को और तेज करेगी. उन्होंने कहा कि पूरे झारखंड में व्यापक विरोध प्रदर्शन किया जाएगा. प्रदर्शन के दौरान इंदिरा चौक पर कुछ समय के लिए माहौल काफी गरमाया रहा. कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए छात्रों और आम जनता के हितों की रक्षा की मांग की.
कार्यक्रम में नरेंद्र मुर्मू, अशोक मंडल, परेश यादव, आनंद टुडू, सगीर खान, देविशन हांसदा, लालू अंसारी, किशोर रवानी, विजय राउत, रहीम अंसारी, आजाद शेख, मेरी मरांडी, माखोनी हेंब्रम, आलम अंसारी, पांचू दास, छात्र नेता बबला हांसदा, महावीर दास और माना ठाकुर समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे.
Report: Manish Baranwal



