जमशेदपुर: मानगो स्थित उलीडीह थाना क्षेत्र के आदर्श नगर में दिनदहाड़े चोरी की बड़ी वारदात ने इलाके में सनसनी फैला दी है. चोरों ने किराए के मकान को निशाना बनाते हुए करीब 10 लाख रुपये मूल्य के गहनों की चोरी कर ली. घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और स्थानीय लोग सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठा रहे हैं.

जानकारी के अनुसार पीड़ित अंचल रस्तोगी शुक्रवार सुबह अपनी पत्नी को डॉक्टर के पास लेकर गए थे. करीब 11 बजे घर से निकलने के बाद जब वे कुछ घंटों बाद लौटे तो घर के बाहर लगा छोटा ताला खुला मिला. यह देखकर उन्हें अनहोनी की आशंका हुई.
घर के अंदर पहुंचने पर देखा कि बैग में रखी अलमारी की चाबी गायब है और अलमारी खुली हुई है. जांच करने पर पता चला कि अलमारी में रखे करीब 10 लाख रुपये के जेवरात चोरी हो चुके हैं. घटना के बाद परिवार के होश उड़ गए और पूरे घर में अफरा-तफरी मच गई. पीड़ित अंचल रस्तोगी ने बताया कि वे महज चार दिन पहले ही इस मकान में किराए पर रहने आए थे. ऐसे में इतनी जल्दी चोरी की घटना होना कई सवाल खड़े करता है. परिवार का कहना है कि चोरों को घर की गतिविधियों की पहले से जानकारी होने की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता.
घटना की सूचना तत्काल उलीडीह पुलिस को दी गई. पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है. हालांकि पीड़ित परिवार पुलिस की शुरुआती कार्रवाई से संतुष्ट नजर नहीं आया. इसके बाद मामले की जानकारी पूर्व भाजपा नेता विकास सिंह को दी गई. सूचना मिलते ही विकास सिंह मौके पर पहुंचे और थाना प्रभारी से फोन पर बात कर जल्द मामले का खुलासा करने और चोरी गए सामान की बरामदगी की मांग की. दिनदहाड़े हुई इस घटना से आदर्श नगर और आसपास के इलाकों में भय का माहौल है. स्थानीय लोगों ने कहा कि क्षेत्र में लगातार चोरी की घटनाएं बढ़ रही हैं, जिससे लोगों में असुरक्षा की भावना पैदा हो रही है. लोगों ने पुलिस गश्त बढ़ाने और अपराधियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और संदिग्धों की तलाश में जुटी हुई है. अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर लिया जाएगा.



