जमशेदपुर: जुगसलाई बाजार क्षेत्र में शुक्रवार को दिनदहाड़े हुई फायरिंग की घटना से कारोबारियों में दहशत फैल गई. बाइक सवार अपराधियों ने यूनिक कलेक्शन नामक कपड़ा दुकान में घुसकर फायरिंग कर दी. घटना में दुकान संचालक विनेश कुमार बेरिया बाल-बाल बच गए. बताया जा रहा है कि गोली उनके कान के बेहद करीब से गुजर गई.

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दो बाइक सवार बदमाश अचानक दुकान के पास पहुंचे और बिना कुछ समझे अंदर घुसकर फायरिंग कर दी. गोली चलने की आवाज सुनते ही पूरे बाजार में अफरा-तफरी मच गई. दुकानदार और ग्राहक अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे. वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी मौके से फरार हो गए.

घटना की सूचना मिलते ही जुगसलाई पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. पुलिस ने घटनास्थल से एक खोखा बरामद किया है. आसपास के इलाके को घेरकर पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है, ताकि अपराधियों की पहचान की जा सके.
सूत्रों के मुताबिक कारोबारी विनेश कुमार बेरिया से पिछले करीब छह महीने से रंगदारी मांगी जा रही थी. लगातार मिल रही धमकियों के बीच हुई इस फायरिंग को रंगदारी विवाद से जोड़कर देखा जा रहा है. हालांकि पुलिस ने अभी तक इस एंगल की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है, लेकिन जांच में इसे प्रमुख बिंदु माना जा रहा है.

स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि बाजार क्षेत्र में लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं से कारोबार प्रभावित हो रहा है. दिनदहाड़े हुई फायरिंग के बाद व्यापारियों में भारी आक्रोश है. उन्होंने पुलिस प्रशासन से बाजार क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ाने और अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच रंगदारी, कारोबारी विवाद और अन्य आपराधिक पहलुओं को ध्यान में रखकर की जा रही है. पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा.



