जमशेदपुर: भालूबासा इलाके में हुए जानलेवा हमले में गंभीर रूप से घायल मानगो के गरीब नवाज़ कॉलोनी निवासी मोहम्मद मुमताज़ उर्फ आशिफ की इलाज के दौरान रांची रिम्स में मौत हो गई. युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया, जबकि इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है.

जानकारी के अनुसार रविवार दोपहर करीब तीन बजे मुमताज़ भालूबासा इलाके में वेल्डिंग का काम कर रहे थे. इसी दौरान पीछे से आए कुछ युवकों ने उन पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया. हमलावरों ने उनके सिर पर ताबड़तोड़ वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर गिर पड़े. दिनदहाड़े हुई इस वारदात से इलाके में अफरा-तफरी मच गई और आरोपी मौके से फरार हो गए.
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने घायल मुमताज़ को तत्काल टाटा मेन हॉस्पिटल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए ICU में भर्ती किया था. कई दिनों तक इलाज चलने के बावजूद उनकी स्थिति में सुधार नहीं हुआ. बाद में बेहतर इलाज के लिए उन्हें रांची स्थित रिम्स अस्पताल रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई. सूत्रों के अनुसार सिर में गंभीर चोट लगने के कारण उनकी हालत लगातार बिगड़ती चली गई थी.
मृतक के पिता मोहम्मद बशीर ने बताया कि मुमताज़ का किसी से कोई विवाद या दुश्मनी नहीं थी. उन्होंने कहा कि उनका बेटा मेहनत-मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करता था. परिवार ने कभी कल्पना भी नहीं की थी कि इस तरह की दर्दनाक घटना उनके साथ हो जाएगी. बेटे की मौत के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है.
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने जांच शुरू कर दी थी. आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के बाद पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. हालांकि एक अन्य आरोपी अब भी फरार बताया जा रहा है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है.
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हमले के पीछे की असली वजह जानने के लिए हर पहलू से जांच की जा रही है. वहीं स्थानीय लोगों ने अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग की है. इस घटना के बाद भालूबासा और मानगो क्षेत्र में लोगों के बीच सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है.
Report- Afroz Mallik



