जामताड़ा: चित्तरंजन रेलवे स्टेशन क्षेत्र में एक रेलकर्मी पर आम लोगों के साथ कथित अभद्र व्यवहार और मारपीट के आरोप को लेकर विवाद गहरा गया है. मामले को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आरपीएफ चित्तरंजन के प्रभारी अधिकारी को लिखित शिकायत सौंपकर तत्काल कार्रवाई की मांग की है.

मिहिजाम नगर कांग्रेस अध्यक्ष अरुण कुमार दास, दानिश रहमान समेत अन्य कार्यकर्ताओं द्वारा सौंपे गए ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि रेलवे के ईस्ट केबिन में कार्यरत प्वाइंट्समैन पवन सिंह आए दिन राहगीरों, वाहन चालकों और स्थानीय लोगों के साथ गाली-गलौज, धमकी और विवाद करते हैं. शिकायत में कहा गया है कि संबंधित रेलकर्मी का व्यवहार लंबे समय से विवादित रहा है और स्थानीय लोग उससे परेशान हैं.
आरोप यह भी लगाया गया है कि वह रेलवे केबिन परिसर में स्थानीय लोगों के साथ बैठकर शराब और नशा सेवन करता है, जिससे रेलवे क्षेत्र का माहौल खराब हो रहा है और लोगों में भय का वातावरण बन रहा है.
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बताया कि 13 मई को दोपहर करीब 2 बजे टेम्पो चालक इमरान उर्फ बंटी के साथ कथित रूप से गाली-गलौज की गई और लोहे की रॉड जैसी वस्तु लेकर मारपीट करने की कोशिश की गई. विरोध करने पर रेलवे एक्ट के तहत झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है.
कार्यकर्ताओं का कहना है कि संबंधित रेलकर्मी की अभद्रता से जुड़े वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं. शिकायत पत्र के साथ संबंधित वीडियो विजुअल भी अधिकारियों को सौंपे गए हैं.
कांग्रेस नेताओं ने आरपीएफ से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी कर्मचारी के खिलाफ सख्त और न्यायसंगत कार्रवाई की मांग की है. साथ ही चेतावनी दी गई है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता चित्तरंजन रेलवे स्टेशन के समीप धरना-प्रदर्शन करेंगे.
मामले को लेकर रेलवे क्षेत्र में चर्चा का माहौल गर्म है. स्थानीय लोगों ने भी निष्पक्ष जांच और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है. वहीं रेलवे प्रशासन ने मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने की बात कही है.
Report- Manish Baranwal



