जमशेदपुर: झारखंड प्रशासनिक सेवा की अधिकारी पारुल सिंह ने मिसेज इंडिया क्वीन ऑफ सब्सटेंस 2026 की विजेता का ख़िताब अपने नाम कर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व करने के लिए आधिकारिक रूप से नामित हुई हैं. यह घोषणा एडिवा इनोवेशंस प्राइवेट लिमिटेड एवं मिसेज इंडिया क्वीन ऑफ सब्सटेंस संस्था की ओर से जारी प्राधिकरण पत्र में की गई है.

पत्र के अनुसार, पारुल सिंह ने प्रतियोगिता के दौरान अपनी प्रतिभा, आत्मविश्वास, बुद्धिमत्ता और उत्कृष्ट व्यक्तित्व का शानदार प्रदर्शन किया. उनके इसी उल्लेखनीय प्रदर्शन को देखते हुए उन्हें दक्षिण कोरिया के सियोल में आयोजित होने वाले “वीमेन ऑफ यूनिवर्स पेजेंट 2026” में भारत का प्रतिनिधित्व करने के लिए चुना गया है. यह प्रतियोगिता 1 अक्टूबर से 9 अक्टूबर 2026 तक आयोजित होगी. 
संस्था ने कहा है कि पारुल सिंह महिला सशक्तिकरण, आत्मविश्वास और भारतीय संस्कृति की एक सशक्त प्रतीक बनकर उभरी हैं. उन्हें अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश का प्रतिनिधित्व करने के लिए पूरी तरह सक्षम माना गया है.
मिसेज इंडिया क्वीन ऑफ सब्सटेंस एवं एडिवा इनोवेशंस प्राइवेट लिमिटेड की ओर से पारुल सिंह को शुभकामनाएं देते हुए कहा गया कि संस्था को उनकी सफलता पर गर्व है और उम्मीद है कि वह वैश्विक मंच पर भारत का नाम रोशन करेंगी.
यह प्राधिकरण पत्र संस्था की निदेशक एवं मिसेज एशिया पैसिफिक 2014 रितिका विनय द्वारा जारी किया गया है. इस प्रतियोगिता से मिलने वाली 50 हजार रूपये ईनाम की राशि मुख्यमंत्री राहत कोष में जमा करा दिया है. उनके इस उपलब्धि की पूरे राज्य में सराहना हो रही है.



