आदित्यपुर: दक्षिण पूर्व रेलवे के आदित्यपुर और गम्हरिया रेलवे स्टेशन के बीच रेलवे क्षेत्र में हुई चोरी की घटना का रेल पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा कर दिया है. बताया जा रहा है कि बीते 9 मई की रात रेलवे सिग्नल गुमटी का तड़ित चालक और करीब 10 मीटर कॉपर तार की चोरी की गई थी. इसके साथ ही सिग्नल गुमटी में सेंधमारी कर चोरी का प्रयास भी किया गया था.

घटना के बाद रेल पुलिस लगातार मामले की जांच में जुटी हुई थी. खुफिया सूचना और तकनीकी जांच के आधार पर लगातार तीन दिनों तक अभियान चलाया गया. इसके बाद बीती रात पुलिस ने मामले में संलिप्त दो आरोपियों को चोरी के सामान के साथ गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सूरज महतो और राकेश महतो के रूप में हुई है. दोनों आदित्यपुर के विद्युत नगर क्षेत्र के रहने वाले बताए जा रहे हैं. पुलिस के अनुसार दोनों का पूर्व में भी विभिन्न थानों में आपराधिक इतिहास रहा है.
इस कार्रवाई में आरपीएफ आदित्यपुर और क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम शामिल थी. छापामारी दल का नेतृत्व आरपीएफ आदित्यपुर के निरीक्षक अजीत कुमार सिंह कर रहे थे. टीम ने आरोपियों के पास से चोरी किया गया कॉपर तार और अन्य सामान भी बरामद किया है. पूछताछ के बाद दोनों आरोपियों को रेल न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायालय ने उन्हें न्यायिक हिरासत में घाघीडीह जेल भेज दिया. रेल पुलिस अब इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश कर रही है और मामले की आगे जांच जारी है.



