जमशेदपुर: देहरादून में चर्चित विक्रम शर्मा हत्याकांड, जिसे सिल्वर सिटी जिम कांड के नाम से भी जाना जा रहा है, में बड़ा खुलासा हुआ है. फरार चल रहे एक लाख रुपये के इनामी आरोपी यशराज सिंह को देहरादून पुलिस और स्पेशल टास्क फ़ोर्स उत्तराखंड की संयुक्त टीम ने सहारनपुर से गिरफ्तार कर लिया है.

पुलिस के अनुसार, आरोपी यशराज सिंह इस पूरे हत्याकांड का मुख्य साजिशकर्ता था. पूछताछ में सामने आया है कि उसने अपने साथियों के साथ मिलकर विक्रम शर्मा की हत्या की पूरी योजना बनाई थी और वारदात को अंजाम तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई. जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि आरोपियों ने दिसंबर 2025 में नॉएडा और दिल्ली में भी विक्रम शर्मा की हत्या की कोशिश की थी, लेकिन भीड़भाड़ के कारण वे सफल नहीं हो सके. इसके बाद देहरादून में जिम के बाहर रेकी कर हत्या की योजना को अंतिम रूप दिया गया.
पुलिस जांच के मुताबिक, यशराज ने ही शूटरों को रांची से दिल्ली भेजने के लिए पेटीएम के जरिए फ्लाइट टिकट और अन्य खर्चों की व्यवस्था की थी. वारदात में इस्तेमाल स्कूटी, होटल बुकिंग और अन्य खर्चों का भुगतान भी यूपीआई के माध्यम से किया गया. हत्या के बाद आरोपी खड़गपुर में अपनी बुआ के घर छिपा हुआ था और लगातार ठिकाने बदल रहा था. पुलिस के अनुसार, वह अपने पिता के वकील से सलाह लेने सहारनपुर पहुंचा था, जहां पहले से जाल बिछाए बैठी पुलिस टीम ने उसे गिरफ्तार कर लिया. पुलिस का कहना है कि यशराज की गिरफ्तारी के बाद इस हाई-प्रोफाइल हत्याकांड से जुड़े कई और बड़े खुलासे होने की संभावना है.



