जमशेदपुर: टाटानगर रेल यार्ड क्षेत्र में मंगलवार देर रात तेंदुआ दिखने की सूचना से कर्मचारियों और आसपास के लोगों में दहशत फैल गई. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार यार्ड परिसर के पास झाड़ियों के बीच एक तेंदुआ जैसा जंगली जानवर घूमता नजर आया. सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन, आरपीएफ और वन विभाग की टीम सक्रिय हो गई. पूरे इलाके में सतर्कता बढ़ा दी गई है और कर्मचारियों को अकेले आने-जाने से बचने की सलाह दी गई है.

बताया जा रहा है कि देर रात यार्ड के एक हिस्से में ड्यूटी कर रहे कर्मचारियों ने झाड़ियों के पास हलचल देखी. ध्यान से देखने पर रेलवे ट्रैक के किनारे एक जंगली जानवर घूमता दिखाई दिया, जिसे कर्मचारियों ने तेंदुआ होने की आशंका जताई. कुछ कर्मचारियों ने मोबाइल से उसका वीडियो भी रिकॉर्ड किया. वीडियो सामने आने के बाद पूरे यार्ड क्षेत्र में हड़कंप मच गया और कर्मचारियों के बीच भय का माहौल बन गया.
घटना की जानकारी मिलते ही कर्मचारियों ने रेलवे सुरक्षा बल को सूचना दी. इसके बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और संभावित इलाकों में सर्च अभियान शुरू किया. देर रात तक टीम झाड़ियों, खाली पड़े हिस्सों और ट्रैक किनारे क्षेत्रों में तलाश करती रही. वन विभाग वीडियो और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर जांच कर रहा है.
एहतियात के तौर पर रेल यार्ड के संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त निगरानी बढ़ा दी गई है. कर्मचारियों को समूह में काम करने और रात में अकेले नहीं निकलने की सलाह दी गई है. वहीं, यार्ड के कुछ हिस्सों में अस्थायी रूप से आवाजाही भी सीमित कर दी गई है.
वन विभाग ने रेल यार्ड और आसपास के क्षेत्रों में ट्रैप कैमरे लगाए हैं ताकि जंगली जानवर की गतिविधियों पर नजर रखी जा सके. साथ ही माइकिंग कर आसपास के लोगों को सतर्क रहने की अपील की जा रही है. वन विभाग का कहना है कि वीडियो में दिखा जानवर तेंदुआ भी हो सकता है और जंगली बिल्ली भी. फिलहाल इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी.
गौरतलब है कि जमशेदपुर और आसपास के औद्योगिक तथा जंगल से सटे इलाकों में पहले भी जंगली जानवरों के भटककर आबादी वाले क्षेत्रों में पहुंचने की घटनाएं सामने आती रही हैं. कई बार हाथी, लकड़बग्घा, तेंदुआ और अन्य वन्य जीव शहर के बाहरी इलाकों तक पहुंच जाते हैं.



