जामताड़ा: उपायुक्त आलोक कुमार की अध्यक्षता में प्रधानमंत्री पोषण शक्ति निर्माण (मध्याह्न भोजन) योजना को लेकर सोमवार को जिला स्तरीय स्टीयरिंग सह मॉनिटरिंग कमेटी की बैठक आयोजित की गई. बैठक में विभिन्न बिंदुओं की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा- निर्देश दिए गए.

बैठक में जानकारी दी गई कि जिले के सभी विद्यालयों में मध्याह्न भोजन योजना संचालित है, लेकिन कुल नामांकित छात्रों की तुलना में अप्रैल माह में बच्चों की उपस्थिति और आच्छादन अपेक्षाकृत कम पाया गया. इस पर उपायुक्त ने नाराजगी जताते हुए सुधार लाने के निर्देश दिए.
उपायुक्त ने विद्यालयों में बच्चों की कम उपस्थिति को गंभीरता से लेते हुए अधिकारियों को निर्देश दिया कि बच्चों को दोबारा विद्यालय से जोड़ने के लिए लगातार प्रयास किए जाएं और यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी बच्चा ड्रॉपआउट न हो.
उन्होंने विभाग द्वारा जारी एसओपी के अक्षरशः पालन का निर्देश देते हुए विद्यालयों में प्रतिदिन शत- प्रतिशत एसएमएस रिपोर्टिंग सुनिश्चित करने को कहा. साथ ही छात्रों को एल्बेंडाजॉल और आईएफए गोली के नियमित वितरण की भी समीक्षा की गई. उपायुक्त ने निर्देश दिया कि सभी विद्यालयों में बच्चों को नियमित रूप से एल्बेंडाजॉल और आयरन फोलिक एसिड की गोलियां उपलब्ध कराई जाएं. बैठक के दौरान स्कूल स्टेप डिलीवरी की भी समीक्षा की गई. उपायुक्त ने मिड डे मील योजना के तहत निर्धारित मेन्यू, मात्रा और पौष्टिकता के मानकों के अनुरूप बच्चों को स्वच्छ और पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने का सख्त निर्देश दिया.
उन्होंने स्पष्ट कहा कि भोजन की गुणवत्ता और बच्चों की संख्या में किसी प्रकार की गड़बड़ी मिलने पर संबंधित बीईईओ और प्रधानाध्यापक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी. उपायुक्त आलोक कुमार ने सभी बीईईओ, सीआरपी और बीआरपी को विद्यालयों का नियमित भ्रमण करने और जियो टैग फोटो व्हाट्सएप ग्रुप में साझा करने का निर्देश दिया. साथ ही जिन प्रखंडों में कमेटी की बैठक नहीं हुई है, वहां जल्द बैठक आयोजित करने को कहा गया.
बैठक के दौरान जिला समाज कल्याण पदाधिकारी को निर्देश दिया गया कि सभी आंगनबाड़ी केंद्रों का नियमित और बेहतर संचालन सुनिश्चित किया जाए. बच्चों को तय मानकों के अनुसार पौष्टिक आहार और अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं. उन्होंने चेतावनी दी कि किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी. बैठक में उप विकास आयुक्त निरंजन कुमार, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी कलानाथ , जिला शिक्षा अधीक्षक विकेश कुणाल प्रजापति समेत अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे.
Report: Manish Baranwal



