जामताड़ा: जिले में रक्त की कमी को दूर करने और जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मारवाड़ी युवा मंच जामताड़ा शाखा द्वारा जिला स्वास्थ्य समिति के सहयोग से सोमवार को सदर अस्पताल परिसर में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया.

दोपहर 2 बजे शुरू हुए इस शिविर में बड़ी संख्या में युवाओं ने हिस्सा लेकर रक्तदान किया और सामाजिक जिम्मेदारी का परिचय दिया. कार्यक्रम में झारखंड सरकार के स्वास्थ्य एवं चिकित्सा मंत्री डॉ इरफ़ान अंसारी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए. उन्होंने रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि रक्तदान मानवता की सच्ची सेवा है और हर स्वस्थ व्यक्ति को नियमित रूप से रक्तदान करना चाहिए. उन्होंने कहा कि रक्तदान सबसे बड़ा दान है, क्योंकि इससे किसी जरूरतमंद को नया जीवन मिल सकता है.
शिविर के दौरान राजेश भारती, संजय पोद्दार, जतिन परशुरामका, उमेश शास्त्री, सुशील सरावगी और प्रवीण जालान सहित मंच से जुड़े कई युवाओं ने रक्तदान कर समाज को सकारात्मक संदेश दिया.
मारवाड़ी युवा मंच के अध्यक्ष जतिन परशुरामका ने बताया कि एक यूनिट रक्त तीन लोगों की जान बचा सकता है. उन्होंने कहा कि मंच का उद्देश्य जामताड़ा के युवाओं को सामाजिक कार्यों से जोड़ना और रक्तदान के प्रति जागरूक बनाना है. रक्तदान शिविर के सफल संचालन में सचिव अभिषेक डोकनिआ, कोषाध्यक्ष सूरज अग्रवाल और मंच के अन्य सदस्यों ने सदर अस्पताल प्रशासन के साथ मिलकर महत्वपूर्ण भूमिका निभाई.
Report: Manish Baranwal



