जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम जिले के गालुडीह थाना क्षेत्र में वाहन चोरी मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी बिरसन मुण्डा उर्फ बिरसेन मुण्डा को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी की निशानदेही पर तीन चोरी की मोटरसाइकिल, असली नंबर प्लेट और मोबाइल फोन बरामद किया गया है. इसकी जानकारी ग्रामीण एसपी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर दी.

जानकारी के अनुसार गालुडीह थाना कांड संख्या 33/2025 में 28 दिसंबर 2025 को चोरी हुई विंगर वैन मामले में पुलिस पहले ही दो आरोपियों माँझीया टुडू उर्फ प्रेम टुडू और सत्यवान कुम्भकार को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज चुकी है. हालांकि इस मामले का एक अन्य आरोपी बिरसन मुण्डा फरार चल रहा था, जिसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे थे.
वरीय पुलिस अधीक्षक जमशेदपुर के निर्देश पर ग्रामीण एसपी के नेतृत्व में गठित टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर सरायकेला- खरसावां जिले के चौका थाना क्षेत्र स्थित मुटुडा गांव में छापेमारी की. इस दौरान आरोपी बिरसन मुण्डा को उसके घर से गिरफ्तार किया गया.
गिरफ्तारी के दौरान आरोपी की निशानदेही पर उसके घर के आंगन से तीन चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की गई. बरामद वाहनों में लाल- काला रंग की टीवीएस अपाची बाइक, हीरो स्प्लेंडर प्रो मोटरसाइकिल और सफेद- नीले रंग की होंडा डियो स्कूटी शामिल है. जांच में पता चला कि टीवीएस अपाची बाइक चोरी मामले में ओडिशा के मयूरभंज जिले के तिरिंग थाना में मामला दर्ज है. वहीं स्प्लेंडर बाइक के संबंध में गालुडीह थाना में सन्हा दर्ज है और होंडा डियो स्कूटी चोरी मामले में बहलदा थाना, मयूरभंज में प्राथमिकी दर्ज की गई है.
पुलिस ने आरोपी के पास से बाइक का असली नंबर प्लेट और एक लावा कंपनी का की-पैड मोबाइल फोन भी बरामद किया है. पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है.
पुलिस के अनुसार आरोपी का आपराधिक इतिहास भी रहा है और उसके खिलाफ खरसावां, ईचागढ़ तथा अन्य थाना क्षेत्रों में कई मामले दर्ज हैं. फिलहाल पुलिस पूरे गिरोह से जुड़े अन्य अपराधियों की तलाश में जुटी हुई है.

Exploring world


