आदित्यपुर: थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां ट्रैफिक पुलिस में कार्यरत कांस्टेबल हरिओम मिश्रा पर एक कारपेंटर को प्रताड़ित करने, पिटवाने और धमकी देने का गंभीर आरोप लगा है. पीड़ित पंकज देव शर्मा का दावा है कि वह इस कदर डरा हुआ है कि कभी भी कोई बड़ा कदम उठा सकता है.

मामला भाटिया बस्ती कुंज विहार फ्लैट का है, जहां आरोपी कांस्टेबल का आलीशान फ्लैट बताया जा रहा है. पीड़ित के अनुसार उसने इस बिल्डिंग में करीब 3.50 लाख रुपये का काम किया, लेकिन उसे महज 50 से 60 हजार रुपये ही भुगतान किया गया.
आरोप है कि जब पंकज देव शर्मा ने अपनी बकाया मजदूरी की मांग की, तो कांस्टेबल हरिओम मिश्रा ने उस पर हीरा चोरी का झूठा आरोप लगा दिया. इसके बाद अपने सहयोगी आनंद कुमार के माध्यम से उसे थाना बुलवाया गया, जहां उसकी बेरहमी से पिटाई करवाई गई.
पीड़ित का यह भी आरोप है कि उसे जान से मारने की धमकी दी गई और कहा गया कि यदि उसने किसी को इस बारे में बताया तो अंजाम बेहद बुरा होगा. डरे- सहमे पंकज देव शर्मा ने आदित्यपुर थाना में आवेदन देकर अपनी जान- माल की सुरक्षा की गुहार लगाई है.
फिलहाल मामला बेहद गंभीर और संवेदनशील बन गया है. अब बड़ा सवाल यह है कि क्या वर्दी की आड़ में हुए इस कथित अत्याचार पर कार्रवाई होगी या फिर पीड़ित यूं ही न्याय के लिए दर- दर भटकता रहेगा. इस संबंध में एसडीपीओ समीर कुमार सावेया ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है. दोषी पाए जाने पर कार्रवाई की जाएगी.

