हज़ारीबाग़: जिले के बरही थाना क्षेत्र में 24 अप्रैल 2026 को हुई बैंक लूट की बड़ी वारदात का पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा कर लिया है. इस मामले में तीन शातिर अपराधियों को गिरफ्तार करते हुए 20 लाख रुपये नकद और 912.22 ग्राम सोना बरामद किया गया है.

जानकारी के अनुसार, बैंक ऑफ़ महाराष्ट्र की बरही शाखा में दिनदहाड़े करीब 3:15 बजे चार अपराधी हथियार के बल पर घुस गए थे. उन्होंने बैंक कर्मियों को बंधक बनाकर 4.22 लाख रुपये नकद और करीब 3.987 किलोग्राम सोना लूट लिया था. वारदात के बाद सभी कर्मचारियों को स्ट्रॉन्ग रूम में बंद कर अपराधी दो मोटरसाइकिल से फरार हो गए थे.
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष जांच टीम का गठन किया गया. टीम ने सीसीटीवी फुटेज खंगालते हुए अपराधियों की पहचान की और उनके भागने के रास्तों पर लगातार छापेमारी की.
जांच के दौरान एक काले रंग की स्कॉर्पियो से रेकी किए जाने का खुलासा हुआ. इसी सुराग के आधार पर पुलिस टीम वाराणसी पहुंची, जहां एसटीएफ के सहयोग से सारनाथ थाना क्षेत्र में घेराबंदी कर तीन अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया गया.
गिरफ्तार आरोपियों के पास से लूटे गए आभूषण, गलाया गया सोना और भारी मात्रा में नकदी बरामद की गई. पुलिस के अनुसार, वारदात में इस्तेमाल की गई दो मोटरसाइकिल गया रेलवे स्टेशन की पार्किंग से बरामद की जाएंगी. फिलहाल पुलिस इस पूरे गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी हुई है और पूरे नेटवर्क का खुलासा करने की दिशा में कार्रवाई जारी है.

