जामताड़ा/ Manish Baranwal कुंवर सिंह चौक पर गुरुवार को विजयोत्सव कार्यक्रम धूमधाम से मनाया गया. कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रोफेसर महेंद्र सिंह ने की. कार्यक्रम की शुरुआत ध्वजारोहण के साथ हुई, जिसके बाद उपस्थित लोगों ने बाबू वीर कुंवर सिंह की आदमकद प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धा सुमन अर्पित किया.

इस दौरान युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिला.
आतिशबाजी के साथ जश्न मनाया गया और नारेबाजी कर वीरता का जयघोष किया गया. इसके बाद सम्मान समारोह आयोजित हुआ, जिसमें जामताड़ा नगर पंचायत के अध्यक्ष प्रतिनिधि तरुण गुप्ता, चेंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष संजय अग्रवाल तथा बाबू कुंवर सिंह परिवार के सदस्यों को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया.
सभा को संबोधित करते हुए प्रोफेसर महेंद्र सिंह ने बाबू कुंवर सिंह के शौर्य और बलिदान पर प्रकाश डाला और युवाओं से उनके बताए मार्ग पर चलने का आह्वान किया. तरुण गुप्ता ने कहा कि बाबू कुंवर सिंह परिवार का सहयोग हमेशा मिलता रहा है और आगे भी इस संबंध को मजबूत बनाए रखने का प्रयास किया जाएगा.
कार्यक्रम में कई वक्ताओं ने बाबू कुंवर सिंह के जीवन और उनके योगदान पर विस्तार से चर्चा की. शाम के समय कुंवर सिंह चौक पर दीपोत्सव कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया, जिससे पूरे क्षेत्र का माहौल देशभक्ति से ओतप्रोत हो गया. इस मौके पर महेंद्र सिंह, सर्वानंद सिंह, बच्चन सिंह, प्रताप सिंह, पवन सिंह, राम प्रकाश सिंह, राजा अजीत सिंह, तपन सिंह, सतीश सिंह, सोमनाथ सिंह, मिक्कू सिंह, संजीत सिंह, प्रभास सिंह, ठाकुर मनीष सिंह, कौशल सिंह, उज्जवल सिंह, आलोक सिंह, सहदेव सिंह, चंदन सिंह, नंदन सिंह, भोलानाथ सिंह, संतोष सिंह, जीतू सिंह, प्रणय सिंह सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे.

