सरायकेला: पश्चिम बंगाल में चुनाव को लेकर झारखंड के सीमावर्ती इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है. सरायकेला पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले के सभी बॉर्डर थाना क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरती जा रही है.

इसी कड़ी में नीमडीह थाना पुलिस गुरुवार को दिनभर अलर्ट मोड पर रही और थाना क्षेत्र से गुजरने वाले हर छोटे-बड़े वाहनों की सघन जांच की गई. मुख्य सड़कों और सीमा से जुड़े रास्तों पर विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया, जिससे किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि पर रोक लगाई जा सके.

नीमडीह थाना प्रभारी संतन कुमार तिवारी ने बताया कि चुनाव को देखते हुए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं. सभी वाहनों की जांच की जा रही है और संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ भी की जा रही है. उन्होंने कहा कि विशेष रूप से शराब, नकदी और अन्य आपत्तिजनक सामग्री की जांच पर फोकस किया जा रहा है, ताकि चुनाव को प्रभावित करने वाली किसी भी गतिविधि को रोका जा सके.
थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस लगातार पेट्रोलिंग कर रही है और बॉर्डर एरिया में विशेष निगरानी रखी जा रही है. उन्होंने आम लोगों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि यदि कोई संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे, तो तुरंत पुलिस को सूचना दें.
इस दौरान पुलिस की सख्ती से वाहन चालकों में थोड़ी असुविधा जरूर देखने को मिली, लेकिन सुरक्षा के मद्देनजर लोग भी पुलिस की कार्रवाई का समर्थन करते नजर आए.

