जमशेदपुर: पोखारी स्थित नेताजी सुभाष यूनिवर्सिटी में विश्व पृथ्वी दिवस के अवसर पर पर्यावरण जागरूकता को बढ़ावा देने के लिए एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया. इस कार्यक्रम का संयुक्त रूप से आयोजन विश्वविद्यालय के भूगोल, कृषि, प्राणीशास्त्र और वनस्पति विज्ञान विभागों द्वारा किया गया.

कार्यक्रम की शुरुआत जौ के बीज बोने की प्रतीकात्मक रस्म और वृक्षारोपण अभियान के साथ हुई. इस दौरान शिक्षकों और छात्रों ने मिलकर परिसर में पौधे लगाए और प्रकृति संरक्षण का संदेश दिया.
आयोजन के तहत एक विशेष व्याख्यान सत्र भी आयोजित किया गया, जिसमें पर्यावरण संरक्षण और वर्तमान चुनौतियों पर विस्तार से चर्चा की गई. वक्ताओं ने कहा कि पर्यावरणीय समस्याओं को समझने और उनका समाधान निकालने के लिए भौगोलिक दृष्टिकोण बेहद जरूरी है.
छात्रों की रचनात्मकता को बढ़ावा देने के लिए पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने अपने विचारों को चित्रों के माध्यम से प्रस्तुत किया. वहीं भूगोल विभाग के छात्र हरीश भुइयां ने प्रकृति पर आधारित कविता पाठ कर सभी को भावुक कर दिया.
यूनिवर्सिटी के कुलाधिपति मदन मोहन सिंह ने अपने संदेश में कहा कि पृथ्वी दिवस केवल एक दिन का आयोजन नहीं, बल्कि इसे जीवनशैली का हिस्सा बनाना जरूरी है. कुलपति डॉ. प्रभात कुमार पाणी ने भी कार्यक्रम की सराहना करते हुए छात्रों को पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रेरित किया और सभी को संरक्षण की शपथ दिलाई.
कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने पर्यावरण की रक्षा के लिए संकल्प लिया. इस दौरान विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों के शिक्षक, विभागाध्यक्ष और बड़ी संख्या में छात्र उपस्थित रहे.

