कांड्रा/ Vipin Varshney सरायकेला पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले में बच्चा चोरी की फैल रही अफवाहों को लेकर कांड्रा पुलिस ने बुधवार शाम थाना प्रभारी विनोद कुमार मुर्मू के नेतृत्व में जागरूकता रैली निकाली.

यह रैली कांड्रा बाजार, मुख्य चौक-चौराहों, स्टेशन, बस्ती और अन्य भीड़- भाड़ वाले इलाकों से होकर गुजरी. इस दौरान पुलिसकर्मियों ने लोगों को अफवाहों से सतर्क रहने और किसी भी अपुष्ट जानकारी पर विश्वास न करने की अपील की.
रैली के दौरान विभिन्न स्थानों पर पोस्टर चिपकाए गए और बैनर के माध्यम से लोगों को समझाया गया कि किसी भी संदिग्ध सूचना पर तुरंत पुलिस को जानकारी दें. हाल के दिनों में बच्चा चोरी के शक में लोगों के साथ मारपीट की घटनाओं को देखते हुए पुलिस ने विशेष सावधानी बरतने को कहा. थाना प्रभारी विनोद कुमार मुर्मू ने स्पष्ट कहा कि केवल संदेह के आधार पर किसी के साथ मारपीट करना कानूनन अपराध है. उन्होंने लोगों से अपील की कि यदि कोई संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दे, तो तुरंत डायल 112 पर कॉल कर पुलिस को सूचित करें.
पुलिस ने रैली के माध्यम से यह संदेश दिया कि अफवाहें समाज में भय और अराजकता फैलाती हैं. इसलिए हर नागरिक की जिम्मेदारी है कि वह सतर्क रहे और जिम्मेदार व्यवहार करते हुए कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करे.

