सरायकेला/ Afroz Mallik जिले के कपाली, तमोलिया स्थित गोविंद विद्यालय में पृथ्वी दिवस के अवसर पर एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना और प्रकृति के महत्व को समझाना था.

विद्यालय परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और चित्रकला के माध्यम से पृथ्वी को बचाने, स्वच्छ वातावरण बनाए रखने तथा वृक्षों की सुरक्षा का संदेश दिया. बच्चों ने अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए पेड़ों की कटाई से होने वाले प्रदूषण, जलवायु परिवर्तन और उसके दुष्प्रभावों को चित्रों में दर्शाया.
कार्यक्रम के दौरान शिक्षकों ने विद्यार्थियों को बताया कि पृथ्वी को सुरक्षित रखने के लिए हर व्यक्ति को अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी. वृक्षारोपण, जल संरक्षण, प्लास्टिक का कम उपयोग और स्वच्छता जैसे छोटे-छोटे प्रयास भी पर्यावरण बचाने में बड़ी भूमिका निभा सकते हैं.
विद्यालय के सचिव अभिषेक शर्मा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ और सुरक्षित पर्यावरण छोड़ना हम सभी की जिम्मेदारी है. वहीं प्राचार्य कृष्णा मोदक ने पृथ्वी दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बच्चों को पर्यावरण संरक्षण के लिए निरंतर प्रयास करने की प्रेरणा दी.
इस अवसर पर नौशाद रजिया, हरविंदर कौर, शिक्षक शुभम कुमार, रंजन रॉय एवं रीता घोष भी उपस्थित रहे. सभी ने विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना की और उन्हें प्रकृति के प्रति संवेदनशील बनने का संदेश दिया. कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों ने पृथ्वी को हरा-भरा और प्रदूषण मुक्त बनाने का संकल्प लिया. विद्यालय प्रबंधन ने भविष्य में भी ऐसे जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने की बात कही.

