जामताड़ा/ Manish Baranwal जिले में हॉकी को बढ़ावा देने की दिशा में एक सराहनीय पहल देखने को मिली है. बुधवार को हॉकी जामताड़ा की ओर से रक्षा काली मंदिर के समीप स्थित डीएन हाई स्कूल में एक प्रेरणादायक कार्यक्रम का आयोजन किया गया. इस दौरान स्कूली बच्चों के बीच हॉकी स्टिक, बॉल एवं शिन गार्ड का वितरण किया गया. यह खेल सामग्री हॉकी झारखंड के सहयोग से उपलब्ध कराई गई.

कार्यक्रम के दौरान हॉकी जामताड़ा के महासचिव डॉ. भास्कर चंद ने बच्चों को हॉकी खेल के महत्व के बारे में विस्तार से बताया. उन्होंने कहा कि हॉकी न केवल शारीरिक फिटनेस को बेहतर बनाती है, बल्कि अनुशासन, टीमवर्क और आत्मविश्वास भी विकसित करती है.
इस मौके पर जामताड़ा हॉकी के अभिभावक एवं जिला कुश्ती संघ के अध्यक्ष प्रदीप भैया ने भी बच्चों को खेल के प्रति प्रेरित किया. उन्होंने कहा कि अगर खिलाड़ी मेहनत और लगन से अभ्यास करें तो खेल के क्षेत्र में भी उज्ज्वल भविष्य बनाया जा सकता है.
कार्यक्रम में जामताड़ा जिला हॉकी संघ के सदस्य सूरज कुमार पासवान, कोच सोमनाथ दत्त तथा विद्यालय के शिक्षकगण उपस्थित रहे. साथ ही विद्यालय में अंडर-11 और अंडर-15 आयु वर्ग के बालक और बालिकाओं की हॉकी टीम के गठन पर भी चर्चा की गई. इस पहल से जामताड़ा में हॉकी प्रतिभाओं को नई दिशा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है.

