गम्हरिया: Bipin Varshney सरायकेला- खरसावां जिले के गम्हरिया थाना अंतर्गत झुरकुली में मंगलवार दोपहर एक बड़ा हादसा होते- होते टल गया. करीब 12 बजे मानीकुई ग्रिड से आ रहा 132KV का हाईटेंशन तार अचानक PSS-3 के 3 नंबर फीडर की 11KV लाइन पर गिर गया.

घटना के बाद पूरे इलाके की बिजली आपूर्ति तत्काल बाधित हो गई और करीब 5 घंटे तक क्षेत्र अंधेरे में डूबा रहा. इस दौरान झुरकुली स्थित RMU पूरी तरह जलकर क्षतिग्रस्त हो गया. कई घरों में बिजली के उपकरण जलने की भी सूचना मिली है.
इस घटना का असर पावर सब स्टेशन (PSS) पर भी पड़ा, जहां तकनीकी नुकसान हुआ है. हालांकि राहत की बात यह रही कि जिस स्थान पर तार गिरा, उसके नीचे रेलवे ट्रैक भी गुजरता है, लेकिन रेलवे को कोई नुकसान नहीं हुआ.
स्थानीय लोगों का कहना है कि समय रहते बिजली आपूर्ति बंद कर दी गई, नहीं तो बड़ा हादसा हो सकता था. घटना के बाद विभाग की टीम ने मरम्मत कार्य कर बिजली आपूर्ति बहाल कर दी है. फिलहाल विभाग द्वारा पूरे नुकसान का आकलन किया जा रहा है.

