जमशेदपुर/ Varun Kumar टाटानगर रेलवे स्टेशन परिसर में मोबाइल चोरी की घटना का रेलवे सुरक्षा बल और सरकारी रेल पुलिस ने त्वरित खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया.

घटना 19 अप्रैल 2026 की रात की है, जब उड़ीसा के बारीपदा निवासी यात्री भवानी शंकर सिंह का मोबाइल फोन टिकट घर के अंदर से चोरी हो गया. घटना के तुरंत बाद पीड़ित ने रेलवे हेल्पलाइन नंबर 139 पर शिकायत दर्ज कराई. सूचना मिलते ही RPF और GRP की संयुक्त टीम सक्रिय हुई और मामले की जांच शुरू की गई. जांच के दौरान स्टेशन परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई, जिसमें संदिग्ध व्यक्ति की पहचान की गई.
टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को पकड़ लिया और उसके पास से चोरी किया गया मोबाइल फोन बरामद कर लिया. गिरफ्तार आरोपी की पहचान कीताडीह त्रिमूर्ति चौक निवासी 23 वर्षीय मनीष सिंह के रूप में हुई है. पूछताछ में उसने चोरी की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली.
आरोपी को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए रेल थाना टाटानगर को सौंप दिया गया है.
इस पूरी कार्रवाई का नेतृत्व RPF पोस्ट कमांडर राकेश मोहन और GRP थाना प्रभारी संतोष कुमार सिंह ने किया.
रेलवे प्रशासन ने इस कार्रवाई को यात्रियों की सुरक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता का उदाहरण बताया है और यात्रियों से सतर्क रहने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत देने की अपील की है.

