जमशेदपुर/ Varun Kumar शहर के क्रिकेट प्रेमियों के लिए बड़ी खुशखबरी है. जमशेदपुर में एक बार फिर भव्य अंदाज में TATA IPL Fan Park का आयोजन होने जा रहा है, जो इस बार पहले से ज्यादा आकर्षक और रोमांचक होने वाला है.

आयोजकों के अनुसार, इस फैन पार्क में क्रिकेट के साथ-साथ मनोरंजन, खानपान और कई तरह की गतिविधियों का शानदार संगम देखने को मिलेगा. Indian Premier League (IPL) के बढ़ते क्रेज को देखते हुए इस आयोजन की तैयारी की गई है, ताकि दर्शक अपने ही शहर में स्टेडियम जैसा अनुभव ले सकें.
फैन पार्क में विशाल एलईडी स्क्रीन के जरिए लाइव मैचों का प्रसारण किया जाएगा, जहां हजारों लोग एक साथ बैठकर मुकाबलों का आनंद उठा सकेंगे. अनुमान है कि इस बार 50 हजार से अधिक क्रिकेट प्रेमी इस आयोजन में शामिल हो सकते हैं. यह आयोजन एग्रीको कॉलोनी स्थित एग्रीको ट्रांसपोर्ट ग्राउंड में किया जाएगा, जहां दर्शकों के लिए फूड स्टॉल्स, क्रिकेट गेम्स, फेस पेंटिंग, म्यूजिक शो और कई इंटरैक्टिव एक्टिविटीज की व्यवस्था की गई है.
फैन पार्क में 18 और 19 अप्रैल 2026 को होने वाले IPL मुकाबलों का सीधा प्रसारण किया जाएगा. 18 अप्रैल को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और दिल्ली कैपिटल्स के बीच मैच दिखाया जाएगा. इसके अलावा सनराइजर्स हैदराबाद और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच भी मुकाबला प्रसारित होगा.
वहीं 19 अप्रैल को कोलकाता नाइट राइडर्स और राजस्थान रॉयल्स के बीच भिड़ंत होगी, जबकि पंजाब किंग्स और लखनऊ सुपर जायट्स के बीच भी रोमांचक मुकाबला दिखाया जाएगा. दोनों दिन कार्यक्रम दोपहर 2:30 बजे से शुरू होकर देर शाम तक चलेगा.
आयोजकों का कहना है कि इस फैन पार्क का उद्देश्य ज्यादा से ज्यादा लोगों को जोड़ना और उन्हें क्रिकेट के प्रति अपने जुनून को खुलकर व्यक्त करने का मंच देना है. सुरक्षा को लेकर भी विशेष इंतजाम किए गए हैं. भीड़ नियंत्रण के लिए पर्याप्त सुरक्षा बल तैनात किए जाएंगे, साथ ही मेडिकल सुविधाएं और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं भी मौके पर उपलब्ध रहेंगी.
कुल मिलाकर, जमशेदपुर में आयोजित होने जा रहा यह फैन पार्क क्रिकेट प्रेमियों के लिए किसी उत्सव से कम नहीं होगा, जो खेल और मनोरंजन का बेहतरीन संगम पेश करेगा.

