आदित्यपुर: थाना के समीप पेयजल एवं स्वच्छता विभाग परिसर में स्थित शिव-शीतला मंदिर के पास लगा विशाल नीम का पेड़ अब खतरे का कारण बन गया है. पेड़ पूरी तरह सूख चुका है और कभी भी गिर सकता है, जिससे बड़ा हादसा होने की आशंका जताई जा रही है.

स्थानीय लोगों के अनुसार, यह इलाका काफी भीड़-भाड़ वाला है, जहां सुबह से लेकर देर रात तक लोगों की आवाजाही बनी रहती है. मंदिर में पूजा-अर्चना के लिए भी रोजाना श्रद्धालुओं का आना-जाना लगा रहता है. ऐसे में सूखा पेड़ मंदिर संरचना और आम लोगों दोनों के लिए गंभीर खतरा बन गया है. विशेष रूप से इन दिनों आंधी- तूफान का मौसम शुरू हो चुका है. तेज हवा चलने की स्थिति में पेड़ के गिरने से जान- माल का भारी नुकसान हो सकता है. स्थानीय नागरिकों ने आशंका जताई है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं की गई तो कोई बड़ी दुर्घटना हो सकती है.
लोगों ने नगर निगम, पेयजल एवं स्वच्छता विभाग (PHD) और वन विभाग से इस मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल सूखे पेड़ को हटाने की मांग की है. उनका कहना है कि प्रशासन की थोड़ी सी लापरवाही किसी की जान पर भारी पड़ सकती है.
फिलहाल, लोगों की नजर प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी है कि आखिर कब इस संभावित खतरे को दूर किया जाएगा.

