जमशेदपुर/ Varun Kumar दक्षिण पूर्व रेलवे के महाप्रबंधक अनिल कुमार जैन ने मंगलवार को शालीमार रेलवे स्टेशन और संतरागाछी रेलवे स्टेशन का विस्तृत निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने यात्री सुविधाओं, स्टेशन संरचना और चल रही विकास परियोजनाओं की समीक्षा कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा- निर्देश दिए.

निरीक्षण के दौरान उनके साथ अतिरिक्त महाप्रबंधक, प्रधान मुख्य वाणिज्य प्रबंधक, प्रधान मुख्य परिचालन प्रबंधक तथा खड़गपुर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे. अधिकारियों की टीम ने विभिन्न व्यवस्थाओं और परियोजनाओं पर विस्तार से चर्चा की.

महाप्रबंधक ने सबसे पहले शालीमार स्टेशन का निरीक्षण किया. उन्होंने स्टेशन भवन, प्लेटफॉर्म, सर्कुलेटिंग एरिया और यार्ड की व्यवस्थाओं का जायजा लिया. इस दौरान स्वच्छता, सुरक्षा और यात्री सुविधाओं पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए. साथ ही गंगा किनारे विकसित हो रहे जेट्टी प्रोजेक्ट और वंदे भारत ट्रेनों के लिए पिट लाइन व डिपो निर्माण कार्य की प्रगति की समीक्षा की.
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी विकास कार्य निर्धारित समय सीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं. साथ ही शालीमार स्टेशन को एक आधुनिक टर्मिनल के रूप में विकसित करने पर जोर दिया.

इसके बाद महाप्रबंधक ने सांतरागाछी स्टेशन का निरीक्षण किया. यहां उन्होंने नए स्टेशन भवन, प्लेटफॉर्म, यार्ड और यात्री सुविधाओं का जायजा लिया. प्रतीक्षालय, पेयजल, शौचालय और टिकटिंग व्यवस्था की स्थिति का भी मूल्यांकन किया गया.
उन्होंने साफ- सफाई की नियमित निगरानी और यात्रियों को बेहतर सुविधा देने पर जोर देते हुए परिचालन व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए, ताकि ट्रेनों का आवागमन समयबद्ध हो सके.
निरीक्षण के दौरान आयोजित बैठक में महाप्रबंधक ने कहा कि रेलवे की छवि सुधारने के लिए बुनियादी ढांचे का विकास, स्वच्छता और सुरक्षा बेहद जरूरी है. उन्होंने अधिकारियों को टीम भावना के साथ कार्य करते हुए रेलवे सेवाओं की गुणवत्ता को और बेहतर बनाने का निर्देश दिया.
यह निरीक्षण कार्यक्रम रेलवे के आधुनिकीकरण और यात्री सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है, जिससे यात्रियों को बेहतर और सुरक्षित यात्रा अनुभव मिल सकेगा.

