जमशेदपुर/ Varun Kumar टाटानगर रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए वंदे भारत एक्सप्रेस में चोरी की घटना का खुलासा कर दिया. इस मामले में दो महिलाओं को गिरफ्तार किया गया है. जानकारी के अनुसार, दोनों महिलाओं ने वंदे भारत ट्रेन में चढ़ने के दौरान एक महिला यात्री सावित्री सिंकू के पर्स से नकद 6500 रुपये, आधार कार्ड, वोटर आईडी कार्ड और एटीएम कार्ड की चोरी कर ली थी. घटना के बाद पीड़िता द्वारा शिकायत किए जाने पर आरपीएफ ने मामले की जांच शुरू की.

सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्ध महिलाओं की पहचान की गई. इसके बाद आरपीएफ टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों को पकड़ लिया. गिरफ्तारी के बाद दोनों महिलाओं को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए रेल थाना टाटानगर को सौंप दिया गया है.
यह पूरी कार्रवाई आरपीएफ टाटानगर के पोस्ट कमांडर राकेश मोहन एवं जीआरपी प्रभारी संतोष कुमार सिंह के नेतृत्व में की गई. इस कार्रवाई से रेलवे परिसर में सक्रिय अपराधियों के खिलाफ सख्त संदेश गया है. साथ ही यात्रियों की सुरक्षा को लेकर रेलवे की सतर्कता भी एक बार फिर साबित हुई है.

