सरायकेला: भगवान बिरसा मुंडा स्टेडियम में आयोजित राजकीय चैत्र पर्व सह छऊ महोत्सव- 2026 के दूसरे दिन यानी 12 अप्रैल को सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शानदार प्रस्तुति देखने को मिली. इस अवसर पर स्थानीय प्रसिद्ध छऊ कलाकारों के साथ- साथ विभिन्न राज्यों से आए कला दलों ने नृत्य, गीत और संगीत की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं. कलाकारों की जीवंत प्रस्तुति ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया और पूरा माहौल उत्साह और उल्लास से भर उठा.

कार्यक्रम के माध्यम से क्षेत्र की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, परंपरा और लोककलाओं की विविधता का प्रभावशाली प्रदर्शन किया गया. साथ ही कला और संस्कृति के संरक्षण एवं संवर्धन का संदेश भी लोगों तक पहुंचाया गया. वहीं मशहूर बॉलीवुड सिंगर “रोंगोबोती” फेम सोना मोहापात्रा ने अपने गानों से उपस्थित दर्शकों का मन मोह लिया.

इस दौरान उपायुक्त नितिश कुमार सिंह, पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुणायत, अपर उपायुक्त, अनुमंडल पदाधिकारी सरायकेला समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे.

कार्यक्रम में आयोजन समिति के सदस्यों के साथ बड़ी संख्या में आमजन और कला प्रेमियों की भी उपस्थिति रही, जिन्होंने प्रस्तुतियों का भरपूर आनंद लिया.

