जमशेदपुर/ Report By Varun Kumar दक्षिण पूर्व रेलवे के अपर महाप्रबंधक सौमित्र मजूमदार ने रेल प्रशासन की कार्यप्रणाली, सुरक्षा मानकों और यात्री सुविधाओं का आकलन करने के उद्देश्य से शालीमार से घाटशिला खंड तक विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान ट्रैक की स्थिति, सिग्नलिंग सिस्टम, स्टेशनों की सुविधाएं, साफ- सफाई, यात्री सुरक्षा व्यवस्था और चल रहे विकास कार्यों की प्रगति का बारीकी से जायजा लिया गया. अधिकारियों ने विशेष रूप से उन बिंदुओं पर ध्यान केंद्रित किया, जहां सुधार की आवश्यकता है, ताकि यात्रियों को सुरक्षित और बेहतर सेवा मिल सके.

इस दौरान कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे, जिन्होंने अपने- अपने विभागों से संबंधित जानकारी साझा की और सुधारात्मक उपायों पर चर्चा की. अधिकारियों ने ट्रेन संचालन को निर्बाध रखने और यात्रियों को समयबद्ध एवं सुरक्षित यात्रा उपलब्ध कराने पर जोर दिया. निरीक्षण के बाद घाटशिला में एक महत्वपूर्ण समन्वय बैठक आयोजित की गई, जिसमें सांसद विद्युत वरण महतो शामिल हुए. बैठक में उन्होंने क्षेत्र से जुड़े कई रेल मुद्दों को उठाया.

सांसद ने ट्रेनों की संख्या बढ़ाने, प्रमुख स्टेशनों पर सुविधाओं के विस्तार, प्लेटफॉर्म की लंबाई बढ़ाने, यात्री सुरक्षा को मजबूत करने और स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन से जुड़े सुझाव दिए. साथ ही कुछ ट्रेनों के ठहराव, समयपालन और टिकटिंग से संबंधित समस्याओं की ओर भी ध्यान आकर्षित किया.
रेलवे प्रशासन ने सांसद द्वारा उठाए गए सभी मुद्दों पर गंभीरता से विचार करने का आश्वासन दिया. अधिकारियों ने कहा कि यात्री सुविधाओं में सुधार और क्षेत्रीय जरूरतों को पूरा करना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है.
रेलवे ने यह भी स्पष्ट किया कि आधुनिक तकनीक के उपयोग और जनप्रतिनिधियों के साथ समन्वय के माध्यम से नेटवर्क को और मजबूत किया जाएगा. यह निरीक्षण रेलवे की पारदर्शिता और जवाबदेही को दर्शाता है, साथ ही यात्रियों के हित में निरंतर सुधार की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है.

