जामताड़ा/ Manish Baranwal गुरुवार को हनुमान जन्मोत्सव के अवसर पर पूरा शहर भक्ति में लीन नजर आया. विभिन्न मंदिरों में धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जहां श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी.

एसबीआई मुख्य शाखा के समीप स्थित हनुमान मंदिर में भगवान हनुमान का भव्य और दिव्य श्रृंगार किया गया. आराध्य के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा. मंदिर परिसर में सुंदरकांड का पाठ, हनुमान चालीसा और बजरंग बाण का सामूहिक पाठ किया गया. महिलाओं द्वारा सुंदरकांड का सामूहिक पाठ विशेष आकर्षण का केंद्र रहा. साथ ही छप्पन भोग का प्रसाद अर्पित किया गया और अलौकिक आरती उतारी गई, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया.
सुबह से ही श्रद्धालु मंदिरों में पहुंचने लगे थे. भक्तों ने हनुमान जी को चोला चढ़ाकर पूजा- अर्चना की और अपने परिवार की सुख- समृद्धि तथा बाधाओं के निवारण की कामना की.

शाम होते ही शहर के मंदिर बिजली की झालरों से जगमगा उठे. श्रद्धालु अपने स्वजनों के साथ मंदिर पहुंचकर भगवान का आशीर्वाद लेते नजर आए.
कार्यक्रम को सफल बनाने में मंदिर के पुजारी संजय पांडे और उमेश शास्त्री का विशेष योगदान रहा, जिन्होंने सुंदरकांड पाठ का संचालन कराया.

