कपाली/ Afroz Mallik सरायकेला पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुणायत गुरुवार को कपाली ओपी पहुंचे. जहां उन्होंने ओपी का औचक निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान एसपी ने ओपी परिसर की व्यवस्था, साफ- सफाई, अभिलेखों के रख- रखाव और लंबित मामलों की गहन समीक्षा की.

इस दौरान उन्होंने ओपी प्रभारी धिरंजन कुमार को क्षेत्र में कानून- व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाए रखने के लिए कई अहम निर्देश दिए. एसपी ने निर्देशित किया कि क्षेत्र में नियमित गश्ती अभियान चलाया जाए, ताकि अपराध पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके और असामाजिक तत्वों पर कड़ी निगरानी बनी रहे.
उन्होंने यह भी कहा कि ओपी में आने वाले फरियादियों की शिकायतों का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित किया जाए और उनके साथ संवेदनशील एवं जिम्मेदार व्यवहार किया जाए.
एसपी मुकेश कुमार लुणायत ने स्पष्ट किया कि पुलिसिंग में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. निरीक्षण के दौरान अन्य पुलिस पदाधिकारी एवं जवान भी उपस्थित रहे.

