जमशेदपुर: परसुडीह थाना क्षेत्र में चोरी की एक बड़ी घटना सामने आई है, जहां बीती रात चोरों ने अपना मार्ट को निशाना बनाते हुए दुकान का शटर काटकर नगदी और कीमती ड्राई फ्रूट पर हाथ साफ कर दिया.


घटना परसुडीह थाना क्षेत्र स्थित अपना मार्ट की है, जहां देर रात अज्ञात चोरों ने शटर काटकर दुकान में प्रवेश किया. चोरों ने बड़ी सफाई से गल्ले में रखी नगदी के साथ- साथ दुकान में मौजूद महंगे ड्राई फ्रूट भी चुरा लिए.
सुबह जब दुकान मालिक दुकान खोलने पहुंचे तो शटर का ताला टूटा देख उनके होश उड़ गए. अंदर जाकर देखा तो गल्ला खाली था और कई कीमती सामान गायब थे. घटना की सूचना तत्काल परसुडीह थाना को दी गई. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लेकर जांच शुरू कर दी. आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाला जा रहा है ताकि चोरों की पहचान की जा सके.
इस घटना के बाद इलाके के लोगों में आक्रोश का माहौल है. स्थानीय लोगों ने पुलिस से क्षेत्र में गश्ती बढ़ाने और चोरी की घटनाओं पर जल्द अंकुश लगाने की मांग की है.



