सरायकेला: नगर में बुधवार को उत्कल दिवस हर्षोल्लास, गर्व और श्रद्धा के साथ मनाया गया. पूरा नगर उत्सव के रंग में रंगा नजर आया और कार्यक्रम में बड़ी संख्या में गणमान्य लोग शामिल हुए. कार्यक्रम की शुरुआत नगर के नवनिर्वाचित अध्यक्ष मनोज चौधरी द्वारा पाठागार परिसर में पंडित गोपाबंधु दास की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ हुई. इस दौरान उपस्थित लोगों ने उनके त्याग, समर्पण और आदर्शों को याद करते हुए नमन किया.

इसके बाद छऊ कला केंद्र में भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में अनुमंडल पदाधिकारी अभिनव प्रकाश मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए, जिनका स्वागत नगर अध्यक्ष द्वारा गुलदस्ता और अंगवस्त्र भेंट कर किया गया.

इस अवसर पर प्रसिद्ध मुखौटा निर्माता सुशांत महापात्रा एवं वरिष्ठ छऊ कलाकारों को सम्मानित किया गया. कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मनोज चौधरी ने कहा कि गोपबंधु दास के आदर्श आज भी समाज को दिशा देते हैं और उनके विचारों पर चलकर ही सशक्त समाज का निर्माण संभव है. वहीं अनुमंडल पदाधिकारी ने उत्कल दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि छऊ नृत्य सरायकेला की पहचान है और इसके संरक्षण एवं विकास के लिए सभी को आगे आना होगा. उन्होंने कहा कि कला के विकास से ही कलाकारों का भविष्य सुरक्षित और मजबूत होगा. कार्यक्रम के दौरान स्थानीय नागरिकों में खासा उत्साह देखने को मिला. सभी ने एक- दूसरे को उत्कल दिवस की शुभकामनाएं दीं और सांस्कृतिक एकता का संदेश दिया.




