जमशेदपुर/ Afroz Mallik परसुडीह थाना पुलिस की संवेदनशीलता और तत्परता का एक सराहनीय उदाहरण सामने आया है. पुलिस ने भटक रहे एक मानसिक रूप से कमजोर युवक को उसके परिजनों से मिलाकर सुरक्षित घर भेज दिया.
यह मामला 23 मार्च 2026 का है, जब स्थानीय लोगों ने एक युवक को संदिग्ध अवस्था में इधर- उधर भटकते देखा.

पूछताछ करने पर वह अपना नाम और पता सही तरीके से नहीं बता पा रहा था. इसके बाद लोगों ने इसकी सूचना परसुडीह थाना पुलिस को दी. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को अपने संरक्षण में लिया. इसके बाद सुरक्षित स्थान पर रखकर उसकी पहचान और परिजनों की जानकारी जुटाने का प्रयास शुरू किया गया.
इस संबंध में सब-इंस्पेक्टर रितेश कुमार ने बताया कि युवक मानसिक रूप से कमजोर था. आवश्यक जानकारी जुटाने के बाद उसके परिजनों से संपर्क किया गया, जो उड़ीसा के रहने वाले निकले. पुलिस ने परिजनों को बुलाकर युवक को सकुशल उनके सुपुर्द कर दिया. इसके बाद युवक को उसके परिवार के साथ सुरक्षित रूप से उड़ीसा स्थित घर भेज दिया गया. इस पूरी कार्रवाई में पुलिस की संवेदनशीलता और मानवीय पहल देखने को मिली, जिससे एक भटके हुए युवक को उसके परिवार से मिलाया जा सका.

