जामताड़ा/ Manish Baranwal जिला पंचायत रिसोर्स सेंटर सभागार में झारखंड शिक्षा परियोजना के सौजन्य से एक दिवसीय “मुखिया सम्मेलन” का आयोजन किया गया. कार्यक्रम का उद्घाटन रवि आनंद, जुगनू मिंज, पूनम कच्छप एवं मुखिया प्रतिनिधियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया.


कार्यक्रम में उपायुक्त के आगमन पर कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय की छात्राओं ने तिलक लगाकर और स्वागत गीत प्रस्तुत कर उनका स्वागत किया. इसके बाद जिला शिक्षा अधीक्षक ने उपायुक्त को बुके और शॉल देकर सम्मानित किया.
सम्मेलन को संबोधित करते हुए उपायुक्त रवि आनंद ने कहा कि पंचायत प्रतिनिधि प्रशासन का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं और विद्यालयों के संचालन में उनकी भूमिका बेहद अहम है. उन्होंने कहा कि गांव स्तर पर बच्चों की शिक्षा को बेहतर बनाने में मुखिया का सक्रिय सहयोग जरूरी है.
उपायुक्त ने कहा कि जामताड़ा के बच्चों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है, लेकिन जिले को साइबर क्राइम की छवि से बाहर निकालने के लिए सभी को मिलकर प्रयास करना होगा. इसी उद्देश्य से जिले के 72 उच्च विद्यालयों में साइबर सिक्योरिटी क्लब का गठन किया गया है, जिसे आगे और मजबूत किया जाएगा.
उन्होंने बताया कि जिला स्तर पर डिजिटल लाइब्रेरी का निर्माण अंतिम चरण में है. साथ ही नीति आयोग को सभी प्रखंड मुख्यालयों में पुस्तकालय निर्माण के लिए प्रस्ताव भेजा गया है. इसके अलावा जिले की 118 पंचायतों में पहले से पंचायत लाइब्रेरी संचालित की जा रही है, जिसे नियमित रूप से संचालित करना सुनिश्चित किया जाना चाहिए.
उपायुक्त ने कहा कि पंचायतों को आवंटित राशि का सही उपयोग किया जाए और गर्मी के मौसम को देखते हुए पेयजल की समस्या पर विशेष ध्यान दिया जाए. उन्होंने मुखियाओं से अपने स्तर पर जनता दरबार आयोजित कर ग्रामीणों की समस्याओं को सुनने और समाधान करने की भी अपील की.
सम्मेलन में जुगनू मिंज ने बच्चों की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए अभिभावकों को जागरूक करने पर जोर दिया. कार्यक्रम के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले कई मुखियाओं को शॉल और मोमेंटो देकर सम्मानित भी किया गया. इस अवसर पर पंकज कुमार रवि, विकेश कुणाल प्रजापति सहित मुखिया संघ के पदाधिकारी और कई पंचायत प्रतिनिधि उपस्थित रहे.

