हजारीबाग: जिले के चरही चौक के पास शनिवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया. तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रेलर ने एक यात्री बस को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस अनियंत्रित होकर पहले एक टेंपो को अपनी चपेट में ले लिया और फिर सड़क किनारे स्थित एक गुमटी पर पलट गई. इस भीषण हादसे में तीन लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी का माहौल बन गया.


प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बस पलटने के बाद चार लोग उसके नीचे दब गए थे. स्थानीय लोगों ने काफी मशक्कत के बाद उन्हें बाहर निकाला. बताया जा रहा है कि चारों की हालत गंभीर बनी हुई है.
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से राहत और बचाव कार्य शुरू किया. सभी घायलों को इलाज के लिए हजारीबाग के शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है. हादसे के बाद कुछ समय तक इलाके में यातायात भी प्रभावित रहा. फिलहाल पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच में जुट गई है.

