जामताड़ा/ Manish Barnwal थाना क्षेत्र अंतर्गत गोपालपुर पंचायत में रविवार देर रात मॉब लिंचिंग की एक सनसनीखेज घटना सामने आई है. रात करीब 9 बजे दूध कैबरा आम बगान के पास एक अज्ञात व्यक्ति को ग्रामीणों ने बच्चा चोर होने के संदेह में जमकर पीट दिया.

मिली जानकारी के अनुसार, उक्त व्यक्ति काफी देर से आम बगान के आसपास संदिग्ध अवस्था में घूम रहा था. स्थानीय ग्रामीणों की नजर उस पर पड़ी तो उन्होंने उसे पूछताछ के लिए बुलाया. ग्रामीणों को देखते ही वह व्यक्ति वहां से भागने लगा. उसके भागते ही लोगों का शक और गहरा गया तथा शोर मचाते हुए ग्रामीणों ने उसे घेर लिया. आक्रोशित भीड़ ने उसे बच्चा चोर समझकर बेरहमी से पिटाई शुरू कर दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया. मौके पर मौजूद कुछ समझदार ग्रामीणों के हस्तक्षेप से स्थिति नियंत्रण में आई और घायल व्यक्ति को भीड़ के चंगुल से बचाया गया. सूचना मिलते ही जामताड़ा पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को अपनी कस्टडी में लेकर तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया. फिलहाल उसकी स्थिति का इलाज जारी है.
पुलिस प्रशासन ने एक बार फिर आम लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान या संदिग्ध व्यक्ति को देखकर कानून को हाथ में न लें. ऐसी स्थिति में तुरंत स्थानीय थाना या पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दें. अफवाहों के आधार पर हिंसा करने वालों के खिलाफ भी विधि सम्मत कार्रवाई की जा सकती है.
प्रशासन ने कहा है कि इस तरह की घटनाएं न केवल कानून व्यवस्था के लिए चुनौती हैं, बल्कि निर्दोष लोगों की जान भी खतरे में डाल सकती हैं. इसलिए समाज को अफवाहों से बचते हुए जिम्मेदारी के साथ व्यवहार करने की आवश्यकता है.

